उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में अगले करीब साढ़े तीन महीने के भीतर एक लाख से ज्यादा युवाओं को अलग-अलग सरकारी विभागों में रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा पुलिस भर्ती का है, जहां 74,103 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और सहकारी संस्थागत सेवा मंडल की विभिन्न भर्तियों के रिजल्ट भी तय समयसीमा में जारी करने की तैयारी है।
Police से लेकर Lekhpal तक हजारों युवाओं को मिलेगी नौकरी
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाल ही में हुई बैठक में प्रदेश की विभिन्न भर्ती संस्थाओं की ओर से चल रही परीक्षाओं और उनके रिजल्ट की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि कई परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और अब उनके परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने बताया कि अप्रैल से जून के बीच होमगार्ड, आरक्षी नागरिक पुलिस और अन्य पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। अब इन परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने की तैयारी है, जिससे बड़ी संख्या में उम्मीदवारों का नौकरी का इंतजार खत्म हो सकता है।
Police Recruitment में 74,103 पद
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के जरिए कुल 74,103 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसमें होमगार्ड के 41,424 पद और आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 32,679 पद शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक होमगार्ड भर्ती का रिजल्ट 30 सितंबर तक जारी किए जाने की संभावना है, जबकि कांस्टेबल भर्ती का परिणाम 31 अक्टूबर तक आने की उम्मीद है। परीक्षाएं पूरी होने के बाद अब उम्मीदवारों की नजर रिजल्ट की तारीखों पर टिकी हुई है।
UPSSSC से 25,194 युवाओं को नौकरी की तैयारी
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से भी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के परिणाम जारी कर युवाओं को नियुक्ति देने की तैयारी है। आयोग के माध्यम से 15 दिसंबर तक करीब 25,194 युवाओं को नौकरी दिए जाने की संभावना बताई गई है।
आयोग की ओर से अलग-अलग पदों के परिणाम जारी करने के लिए संभावित समयसीमा तय की गई है। कनिष्ठ सहायक के 54 पदों का रिजल्ट 31 अगस्त तक आने की संभावना है। वहीं सम्मिलित कनिष्ठ सहायक और अन्य पदों के 5,369 पदों का परिणाम 10 सितंबर तक जारी किया जा सकता है।
महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 5,272 पद, नक्शानवीस एवं मानचित्र के 283 पद और प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों के परिणाम 30 सितंबर तक आने की संभावना है। सहायक स्टोर कीपर और सहायक ग्रेड के 200 पदों का रिजल्ट 7 अक्टूबर तक जारी किया जा सकता है।
इसके अलावा वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक के 709 पदों का परिणाम 15 अक्टूबर तक, लेखपाल के 7,994 पदों का रिजल्ट 10 नवंबर तक और आशुलिपिक के 1,557 पदों का परिणाम 30 नवंबर तक आने की संभावना है। कनिष्ठ सहायक के 3,279 पदों का रिजल्ट 15 दिसंबर तक जारी किया जा सकता है।
Cooperative Sector में 2,200 पदों पर भर्ती
उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल भी भर्ती प्रक्रिया को तेज करने की तैयारी में है। सम्मिलित सहकारी बैंकिंग और तकनीकी सेवा के करीब 2,200 पदों के लिए सितंबर-अक्टूबर के दौरान परीक्षा आयोजित किए जाने की तैयारी है।
इन पदों के लिए अंतिम चयन परिणाम 30 नवंबर तक घोषित किए जाने की संभावना है। इस तरह पुलिस, अधीनस्थ सेवाओं और सहकारी क्षेत्र की भर्तियों को मिलाकर आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो सकता है।
राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
