Kargil Vijay Diwas: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई वरिष्ठ नेताओं ने देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का अमर प्रतीक है।
हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1999 में इसी दिन भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की घोषणा की थी। करीब तीन महीने तक चले कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ते हुए ऐतिहासिक विजय हासिल की थी।
CM योगी ने X पर दी कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कारगिल विजय दिवस की सभी को हार्दिक बधाई. यह दिवस हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का अमर प्रतीक है.”
उन्होंने आगे कहा, “मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले भारतीय सेना के सभी अमर वीरों को नमन. जय हिंद!”
भाजपा नेताओं ने भी वीर सैनिकों को किया नमन
भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने X पर लिखा, “मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीरों को कारगिल विजय दिवस पर कोटि-कोटि नमन.”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी वीर सैनिकों के साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा, “कारगिल विजय दिवस की गौरवमयी वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, अद्वितीय शौर्य, अटूट संकल्प और उनकी अक्षुण्ण राष्ट्रभक्ति को कोटिशः नमन!”
उन्होंने आगे कहा, “साल 1999 में ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से हमारे वीर जवानों ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और भारत के गौरव को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया.”
मौर्य ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी अमर वीरों का त्याग और पराक्रम हर भारतीय के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी X पर पोस्ट करते हुए कहा, “भारत माता के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान के परिचायक कारगिल विजय की गौरवमयी वर्षगांठ पर समस्त सेना के जवानों की वीरता एवं साहस को सादर नमन.”
‘ऑपरेशन विजय’ से मिली थी ऐतिहासिक सफलता
कारगिल युद्ध के दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने कारगिल की रणनीतिक पहाड़ियों पर घुसपैठ कर कब्जा कर लिया था। उनका उद्देश्य कश्मीर और लद्दाख के बीच संपर्क मार्ग को बाधित करना था। इसके जवाब में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ शुरू किया और कठिन परिस्थितियों के बावजूद दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर करते हुए देश की सीमाओं की सफलतापूर्वक रक्षा की।
Ram Mandir Donation Theft: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नई SIT का हो सकता है गठन
राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
