IRCTC New Website Update: भारतीय रेलवे जल्द ही यात्रियों के लिए IRCTC की नई और आधुनिक वेबसाइट लॉन्च करने की तैयारी में है. रेल मंत्रालय ने टिकट बुकिंग को अधिक तेज, सरल और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से IRCTC पोर्टल को पूरी तरह नए स्वरूप में विकसित किया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर IRCTC और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) के अधिकारियों ने मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) जयपुर के छात्रों को नई वेबसाइट का बीटा वर्जन दिखाया और उससे जुड़े सुझाव भी लिए. इससे पहले इन्हीं छात्रों ने मौजूदा वेबसाइट की तकनीकी कमियों और उपयोग के दौरान आने वाली समस्याओं की ओर रेल मंत्री का ध्यान दिलाया था, जिसके बाद वेबसाइट को नए सिरे से तैयार करने का निर्णय लिया गया.
15 जुलाई तक तैयार होगा बीटा वर्जन, PRS सिस्टम से किया जा रहा इंटीग्रेशन
रेल मंत्रालय ने नई वेबसाइट का बीटा वर्जन 15 जुलाई तक तैयार करने का लक्ष्य तय किया है. फिलहाल इसे भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के साथ जोड़ा जा रहा है. इसके साथ ही करीब 40 वर्ष पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी समानांतर रूप से अपग्रेड किया जा रहा है. मंत्रालय के अनुसार, अगले कुछ महीनों में नया IRCTC पोर्टल यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा.
यूजर इंटरफेस होगा पहले से ज्यादा आसान और तेज
नई वेबसाइट में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. टिकट बुकिंग के दौरान आने वाले अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स को हटाया गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक सहज होगी. इसके अलावा अब सभी श्रेणियों की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई जाएगी, जिससे अलग-अलग क्लास की जानकारी देखने में समय की बचत होगी.
कम स्टेप्स में होगी टिकट बुकिंग, सेव्ड पैसेंजर डिटेल्स की भी सुविधा
रेलवे ने टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को भी पहले की तुलना में छोटा और तेज बनाया है. चेकआउट के लिए कम स्टेप्स रखने के साथ-साथ सेव्ड पैसेंजर डिटेल्स की सुविधा भी जोड़ी गई है. इससे यात्रियों को हर बार अपनी जानकारी दोबारा दर्ज नहीं करनी पड़ेगी और टिकट बुकिंग पहले से अधिक आसान हो जाएगी. रेलवे का मानना है कि इन बदलावों से करोड़ों यात्रियों को बेहतर डिजिटल अनुभव मिलेगा.
RailOne ऐप की लोकप्रियता बढ़ी, बॉट्स पर भी सख्ती जारी
रेल मंत्रालय के अनुसार, पिछले वर्ष लॉन्च किया गया RailOne ऐप अब देश का सबसे बड़ा रेलवे टिकट बुकिंग ऐप बन चुका है. यह ऐप 4 करोड़ से अधिक डाउनलोड का आंकड़ा पार कर चुका है और इसमें रेलवे की कई प्रमुख सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं. वहीं, तत्काल टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए रेलवे बॉट्स पर लगातार कार्रवाई कर रहा है. मंत्रालय का कहना है कि इस दिशा में कुछ हद तक सफलता मिली है और भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे.
राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
