ऑफिस के काम से लेकर जरूरी दस्तावेजों और ऑनलाइन अकाउंट्स तक, आज के समय में ईमेल हर किसी की जरूरत बन चुका है. ज्यादातर लोग इसके लिए Gmail का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक नया विकल्प सामने आया है. सर्च इंजन और ब्राउजर के लिए मशहूर कंपनी Kagi ने अपनी नई ईमेल सर्विस Kagi Mail का पब्लिक बीटा लॉन्च कर दिया है.
कंपनी इस सर्विस को बिना विज्ञापन और यूजर्स की निगरानी के काम करने वाले ईमेल प्लेटफॉर्म के रूप में पेश कर रही है. खास बात यह है कि नए यूजर्स को शुरुआत में 60 दिनों का फ्री ट्रायल भी दिया जा रहा है. इसके अलावा इसमें 50GB स्टोरेज और अनलिमिटेड ईमेल एड्रेस जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
क्या है Kagi Mail और क्यों हो रही है चर्चा?
Kagi पहले से ही Google Search के विकल्प के तौर पर अपना पेड सर्च इंजन उपलब्ध कराती है. इसके अलावा कंपनी का Orion ब्राउजर भी मौजूद है, जिसे Chrome के विकल्प के रूप में पेश किया गया है. अब कंपनी ने ईमेल सर्विस के क्षेत्र में कदम रखते हुए Kagi Mail लॉन्च किया है.
Kagi का दावा है कि इस ईमेल सर्विस को यूजर्स की प्राइवेसी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें ईमेल इस्तेमाल करने के दौरान विज्ञापनों और यूजर की निगरानी जैसी परेशानियों से बचाने पर जोर दिया गया है. इसके साथ ही ओपन स्टैंडर्ड्स का सपोर्ट भी मिलता है, ताकि यूजर्स किसी एक प्लेटफॉर्म तक सीमित न रहें.
कितनी है Kagi Mail की कीमत?
फिलहाल Kagi Mail पब्लिक बीटा में उपलब्ध है. नए यूजर्स को इस सर्विस को आजमाने के लिए 60 दिनों का फ्री ट्रायल दिया जा रहा है. ट्रायल खत्म होने के बाद यूजर्स को इसका सब्सक्रिप्शन लेने के लिए हर साल 99 डॉलर यानी करीब 8,800 रुपये खर्च करने होंगे.
इसके अलावा Kagi Mail को कंपनी के Kagi Ultimate सब्सक्रिप्शन के साथ भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इस प्लान की कीमत 25 डॉलर प्रति महीने है.
2027 में मिल सकते हैं नए फीचर्स
Kagi ने अपनी ईमेल सर्विस के लिए आने वाले फीचर्स का रोडमैप भी साझा किया है. कंपनी के मुताबिक, 2027 की पहली तिमाही यानी Q1 में इसमें कॉन्टैक्ट्स और एड्रेस बुक की सुविधा जोड़ी जा सकती है.
वहीं, नेटिव मोबाइल ऐप्स के लिए यूजर्स को 2027 की तीसरी तिमाही यानी Q3 तक इंतजार करना पड़ सकता है. इससे आने वाले समय में इस ईमेल सर्विस का इस्तेमाल मोबाइल पर भी आसान हो सकेगा.
50GB स्टोरेज और Unlimited Email Address की सुविधा
Kagi Mail इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को @kagimail.com डोमेन के साथ ईमेल एड्रेस मिलेगा. इसकी खासियत यह है कि यूजर्स को अनलिमिटेड ईमेल एड्रेस और अलग-अलग डोमेन इस्तेमाल करने का विकल्प भी दिया जा रहा है.
स्टोरेज की बात करें तो इस सर्विस में 50GB जगह मिलेगी. इसके साथ ही इनबिल्ट कैलेंडर की सुविधा भी उपलब्ध होगी. यानी यूजर्स को ईमेल और कैलेंडर दोनों सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी. अब देखना होगा कि प्राइवेसी पर जोर देने वाली Kagi Mail, Gmail जैसे लोकप्रिय ईमेल प्लेटफॉर्म को कितनी चुनौती दे पाती है.

राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
