अच्छी फसल और बेहतर पैदावार के लिए केवल अच्छे बीज और खाद का इस्तेमाल करना ही काफी नहीं है, बल्कि खेत की मिट्टी की गुणवत्ता और उसमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी होना भी जरूरी है. कई किसान मिट्टी की जांच कराए बिना ही खेतों में खाद और उर्वरक डाल देते हैं. इससे खेती की लागत बढ़ने के साथ ही फसल को भी जरूरी पोषण नहीं मिल पाता.
किसानों की इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार की ओर से मृदा स्वास्थ्य कार्ड यानी Soil Health Card योजना चलाई जा रही है. इसके तहत किसान अपने खेत की मिट्टी की जांच मुफ्त में करा सकते हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें पता चलता है कि मिट्टी में किन पोषक तत्वों की कमी है और अच्छी पैदावार के लिए किस खाद का कितना इस्तेमाल करना चाहिए.
कहां और कैसे कराएं खेत की मिट्टी की जांच?
किसान अपने खेत की मिट्टी की जांच कराने के लिए जिले के कृषि अधिकारी या ब्लॉक कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा नजदीकी सरकारी मिट्टी जांच केंद्र पर जाकर भी इस संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सकती है.
योजना के तहत किसान के खेत से मिट्टी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाता है. सबसे पहले संबंधित अधिकारी यह जानकारी जुटाते हैं कि किसान के गांव में मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाने का काम चल रहा है या नहीं. इसके बाद सरकारी कर्मचारी खेत पर पहुंचकर जरूरी जानकारियां एकत्र करते हैं. खेत का रिकॉर्ड दर्ज करने के बाद मिट्टी का नमूना लिया जाता है और उसे जांच के लिए लैब में भेज दिया जाता है.
मिट्टी का सैंपल लेने का क्या है सही तरीका?
मिट्टी की जांच की रिपोर्ट सही मिले, इसके लिए खेत से नमूना लेने का तरीका भी सही होना चाहिए. आमतौर पर खेत के अलग-अलग हिस्सों से मिट्टी एकत्र की जाती है. इसके लिए जमीन में करीब 15 से 20 सेंटीमीटर गहरा वी आकार का गड्ढा बनाया जाता है.
खेत के चारों कोनों और बीच के हिस्से से मिट्टी लेकर एक नमूना तैयार किया जाता है. इसमें से घास, कंकड़ और अन्य बाहरी चीजों को अलग कर दिया जाता है. अगर किसान खुद मिट्टी का नमूना लेकर जांच केंद्र जा रहे हैं तो उन्हें पहले कृषि विभाग से नमूना लेने की सही प्रक्रिया की जानकारी जरूर लेनी चाहिए.
जांच के बाद मिलता है Soil Health Card
मिट्टी का नमूना प्रयोगशाला पहुंचने के बाद उसकी जांच की जाती है. इसमें मिट्टी के अंदर मौजूद नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश, सल्फर, जिंक, आयरन और अन्य पोषक तत्वों की मात्रा का पता लगाया जाता है. इसके साथ ही मिट्टी में खारापन, अम्लीयपन और जैविक कार्बन की स्थिति भी जांची जाती है.
सभी जरूरी जांच पूरी होने के बाद खेत की रिपोर्ट तैयार की जाती है. इसी रिपोर्ट को मृदा स्वास्थ्य कार्ड यानी Soil Health Card कहा जाता है. इसमें मिट्टी की गुणवत्ता और उसमें मौजूद पोषक तत्वों से जुड़ी जानकारी दी जाती है.
मृदा स्वास्थ्य कार्ड से किसानों को क्या होंगे फायदे?
मृदा स्वास्थ्य कार्ड मिलने के बाद किसानों को अपने खेत की मिट्टी की वास्तविक स्थिति का पता चल जाता है. इससे वे जान सकते हैं कि मिट्टी में किस पोषक तत्व की कमी है और उसे पूरा करने के लिए किस खाद या उर्वरक का कितनी मात्रा में इस्तेमाल करना चाहिए.
इसके अलावा कार्ड में मिट्टी की स्थिति के अनुसार उपयुक्त फसल चुनने की सलाह भी दी जाती है. इससे किसान बिना जरूरत अधिक खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करने से बच सकते हैं. नतीजतन खेती की लागत कम करने और फसल को जरूरत के मुताबिक पोषण देने में मदद मिलती है.

राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
