X Fake Login Alert: अगर आप X (पूर्व में Twitter) का इस्तेमाल करते हैं तो इन दिनों एक नए Phishing Scam से सतर्क रहने की जरूरत है। साइबर अपराधी X यूजर्स को फर्जी लॉग-इन अलर्ट वाले ईमेल भेजकर उनकी निजी जानकारी चुराने की कोशिश कर रहे हैं। इन ईमेल में दावा किया जाता है कि किसी अज्ञात डिवाइस या लोकेशन से आपके अकाउंट में लॉग-इन किया गया है, जिससे घबराकर कई यूजर्स ईमेल में दिए गए लिंक पर क्लिक कर देते हैं।
हालांकि, यह लिंक X की आधिकारिक वेबसाइट पर नहीं बल्कि एक फर्जी वेबसाइट पर ले जाता है, जहां यूजर का पासवर्ड और अन्य संवेदनशील जानकारी चोरी होने का खतरा रहता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बड़ी संख्या में यूजर्स को ऐसे ईमेल भेजे जा रहे हैं।
असली जैसे दिखते हैं फर्जी ईमेल
रिपोर्ट्स के अनुसार, साइबर ठग X के आधिकारिक ईमेल का डिजाइन, ब्रांडिंग, रंग और फॉर्मेट लगभग पूरी तरह कॉपी कर रहे हैं। यही वजह है कि पहली नजर में इन ईमेल की पहचान करना आसान नहीं होता।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे ईमेल की पहचान करने के लिए सबसे पहले सेंडर का ईमेल एड्रेस और लिंक किस वेबसाइट पर ले जा रहा है, यह जरूर जांचें।
ध्यान रखें कि X की ओर से भेजे जाने वाले आधिकारिक ईमेल सामान्यतः @X.com या @e.X.com डोमेन से आते हैं। साथ ही, X कभी भी ईमेल के जरिए आपका पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।
ऐसा ईमेल मिले तो क्या करें?
यदि आपको X अकाउंट से संबंधित कोई संदिग्ध लॉग-इन अलर्ट ईमेल मिलता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले ईमेल भेजने वाले का पता (Sender Address) जांचें। यदि ईमेल आधिकारिक डोमेन से नहीं आया है, तो उसे फर्जी मानते हुए तुरंत डिलीट कर दें।
इसके बाद X का आधिकारिक ऐप या वेबसाइट खोलकर अपने अकाउंट की सुरक्षा संबंधी नोटिफिकेशन जांचें। यदि वास्तव में किसी अनजान लॉग-इन की कोशिश हुई होगी तो उसकी जानकारी वहीं दिखाई देगी। अगर कोई सुरक्षा अलर्ट नहीं है, तो ईमेल को नजरअंदाज किया जा सकता है।
गलती से लिंक पर क्लिक कर दिया तो तुरंत करें ये काम
यदि आपने फर्जी ईमेल में दिए गए लिंक पर क्लिक कर दिया है और वहां अपना पासवर्ड दर्ज कर दिया है, तो बिना देरी किए अपने X अकाउंट का पासवर्ड बदल दें।
इसके साथ ही अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने के लिए Two-Factor Authentication (2FA) तुरंत सक्रिय कर लें। इससे पासवर्ड लीक होने की स्थिति में भी आपके अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बनाना काफी मुश्किल हो जाएगा।
साइबर विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी संदिग्ध ईमेल, मैसेज या लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही आपके सोशल मीडिया अकाउंट और निजी डेटा दोनों को खतरे में डाल सकती है।
राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
