NEET-PA 2026: आयुर्वेद के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-प्री आयुर्वेद (NEET-PA 2026) की अधिसूचना जारी कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत अब किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास छात्र-छात्राएं प्री-आयुर्वेद कार्यक्रम में प्रवेश लेकर आगे बीएएमएस (BAMS) की पढ़ाई कर सकेंगे और आयुर्वेद चिकित्सक बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
देशभर के आयुर्वेद गुरुकुलों में मिलेगा प्रवेश
विश्वविद्यालय के अनुसार, यह कार्यक्रम राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग (NCISM) से अनुमोदित है। इसका संचालन केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध देशभर के विभिन्न आयुर्वेद गुरुकुलों में किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य संस्कृत शिक्षा और आयुर्वेद को एकीकृत करते हुए भारतीय पारंपरिक ज्ञान को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार किया गया पाठ्यक्रम
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने बताया कि यह पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) और भारतीय ज्ञान परंपरा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उनके अनुसार संस्कृत का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए आयुर्वेद के मूल ग्रंथों, संहिताओं और शास्त्रीय सिद्धांतों को समझना अधिक सहज होता है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल आधारित शिक्षण मॉडल आयुर्वेद की पारंपरिक प्रामाणिकता को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में भी सहायक होगा।
जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होंगे आवेदन
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. पवन कुमार के अनुसार, NEET-PA 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होगी। प्रवेश परीक्षा अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर के पहले सप्ताह में आयोजित किए जाने की योजना है। परीक्षा देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
साढ़े सात वर्ष का होगा पूरा शैक्षणिक कार्यक्रम
यह समेकित कोर्स कुल 7.5 वर्ष का होगा। इसमें शुरुआती दो वर्ष प्री-आयुर्वेद गुरुकुलम कार्यक्रम, इसके बाद 4.5 वर्ष का बीएएमएस पाठ्यक्रम और अंत में एक वर्ष की अनिवार्य इंटर्नशिप शामिल होगी। सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद विद्यार्थी आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में अपना करियर बना सकेंगे।
यह भी पढ़ें: पंचायत सचिव बनने के लिए कौन-सा Exam देना पड़ता है? जानें योग्यता, चयन प्रक्रिया और सैलरी
कौन कर सकता है आवेदन?
इस कार्यक्रम में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
आयु सीमा में नहीं मिलेगी कोई छूट
प्रवेश के लिए 31 दिसंबर तक अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष होनी चाहिए। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आयु सीमा में किसी भी वर्ग के अभ्यर्थियों को कोई छूट नहीं दी जाएगी।
ऐसा होगा NEET-PA 2026 का परीक्षा पैटर्न
NEET-PA परीक्षा ऑफलाइन मोड में OMR शीट पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि 150 मिनट (ढाई घंटे) होगी। इसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
प्रश्नपत्र संस्कृत, हिंदी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को परीक्षा देने में सुविधा मिल सके।
राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
