Money Saving Tips: महंगाई और बढ़ते खर्चों के बीच बड़े शहरों में रहने वाले अधिकांश नौकरीपेशा लोगों के लिए महीने के अंत तक बचत कर पाना चुनौती बन गया है। खासकर मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में किराया, यात्रा और रोजमर्रा के खर्च आय का बड़ा हिस्सा खा जाते हैं। ऐसे में बेंगलुरु के एक युवक ने कुछ ऐसे आसान तरीके साझा किए हैं, जिनकी मदद से उन्होंने अपनी जीवनशैली में बड़ा बदलाव किए बिना खर्च कम करने और बचत बढ़ाने का दावा किया है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए अपने Money Saving Tips
बेंगलुरु निवासी अक्षय CN ने अपने इंस्टाग्राम पेज @bangalore_viral पर एक वीडियो साझा कर बताया कि कैसे छोटी-छोटी वित्तीय आदतों में बदलाव करके अनावश्यक खर्चों को कम किया जा सकता है। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “मैंने अपनी लाइफस्टाइल से समझौता किए बगैर बेंगलुरु में अपने खर्च कैसे कम किए.”
उनकी इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और कई लोग इन सुझावों को उपयोगी बता रहे हैं।
मेट्रो स्टेशन के पास रहना पड़ा फायदे का सौदा
अक्षय के मुताबिक, उन्होंने किसी महंगे या चर्चित इलाके में रहने के बजाय मेट्रो स्टेशन के पास घर लेने का फैसला किया। उन्होंने लिखा, “मैंने किसी ‘फैंसी’ इलाके में जाने के बजाय मेट्रो के पास रहने का फैसला किया. शुरुआत में किराया थोड़ा ज्यादा लगा, लेकिन रोजाना आने-जाने, पेट्रोल और ऑटो के खर्च में मेरे काफी पैसे बचे और मानसिक तनाव भी कम हुआ.”
उनका कहना है कि इससे यात्रा का समय कम हुआ और हर महीने परिवहन पर होने वाला खर्च भी काफी घट गया।
छोटी-छोटी सुविधाओं पर होने वाले खर्च किए कम
अक्षय ने बताया कि उन्होंने धीरे-धीरे क्विक डिलीवरी, ऑटो सब्सक्रिप्शन और बिना जरूरत की ऑनलाइन खरीदारी जैसी सुविधाओं पर खर्च कम करना शुरू किया। इसके साथ ही उन्होंने वीकेंड की योजना पहले से बनानी शुरू कर दी, जिससे अचानक होने वाले खर्चों पर नियंत्रण मिला।
उनका मानना है कि बिना योजना के कैफे, पब या घूमने-फिरने पर किया गया खर्च धीरे-धीरे बचत को प्रभावित करता है।
उन्होंने कहा, “मैंने बिना सोचे-समझे खर्च करने के बजाय अपने वीकेंड का प्लान बनाना शुरू किया. बिना प्लान के कैफ़ घूमना, पब जाना और अचानक घूमने-फिरने का मन बनाकर खर्च करना, बेंगलुरु में लोगों को पता चलने से कहीं ज्यादा तेजी से बचत को खत्म कर देता है.”
दिखावे की बजाय जरूरतों को दी प्राथमिकता
वीडियो में अक्षय ने बेंगलुरु के वर्क कल्चर का भी जिक्र किया, जहां कई लोग ट्रेंड के साथ बने रहने या दूसरों को प्रभावित करने के लिए लगातार खर्च करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने बार-बार गैजेट्स अपग्रेड करना बंद कर दिया और बाहर खाने या ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने की जगह घर का बना खाना अपनाया।
उनके अनुसार इससे न सिर्फ खर्च कम हुआ, बल्कि स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ा।
बेहतर आदतें ही मजबूत बनाती हैं आर्थिक स्थिति
पोस्ट के अंत में अक्षय ने कहा कि केवल अधिक सैलरी होने से आर्थिक समस्याओं का समाधान नहीं होता। उनका मानना है कि समझदारी से खर्च करना और अच्छी वित्तीय आदतें अपनाना ही लंबे समय में बचत बढ़ाने का सबसे प्रभावी तरीका है।
राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
