उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। बूथ स्तर पर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने के साथ ही अब पार्टी की नजर ग्रामीण इलाकों में अपने संगठन का नेटवर्क मजबूत करने पर है। इसके लिए बीजेपी जल्द ही ‘पंचायत महाअभियान’ शुरू करने जा रही है। इस अभियान के जरिए नगर निकायों से लेकर ग्राम पंचायतों तक के मौजूदा और पूर्व जनप्रतिनिधियों को सक्रिय किया जाएगा।
पंचायत महाअभियान के जरिए गांवों तक पहुंचेगी बीजेपी
विधानसभा चुनाव से पहले शुरू होने वाले इस अभियान में जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग चुनावी और संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। पार्टी का उद्देश्य उनके माध्यम से गांव-गांव तक अपनी पहुंच बढ़ाना और स्थानीय मतदाताओं के साथ सीधा संपर्क स्थापित करना है। इसके तहत नगर निकायों और पंचायतों से जुड़े प्रतिनिधियों को अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।
दिल्ली में तैयार हुआ पंचायत महाअभियान का ब्लूप्रिंट
पार्टी सूत्रों के अनुसार, हाल ही में दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के सामने पंचायत महाअभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। इस बैठक में प्रदेश बीजेपी के पदाधिकारी भी शामिल रहे। अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला और मंडल स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सूची तैयार कराई जाएगी।
इस सूची में महापौर, नगर पालिका और नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के अलावा जिला पंचायत तथा ग्राम पंचायत स्तर के चुनिंदा जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद उन्हें उनके क्षेत्र के हिसाब से संगठन और चुनाव से संबंधित जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ेगी पार्टी
बीजेपी केवल वर्तमान जनप्रतिनिधियों तक ही इस अभियान को सीमित नहीं रखेगी, बल्कि पूर्व जनप्रतिनिधियों की भी भागीदारी सुनिश्चित करेगी। इसके लिए पंचायतों और नगर निकायों में पहले जिम्मेदारी निभा चुके लोगों की सूची तैयार की जाएगी। उनसे संपर्क स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनाव से जुड़े कार्यों में सहयोग लिया जाएगा।
महाअभियान के तहत गांवों में छोटी-छोटी सभाएं और परिचर्चाएं आयोजित करने की भी योजना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सहभोज जैसे आयोजन भी किए जाएंगे, जिनमें प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी और पार्टी के बड़े नेता शामिल होकर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।
घर-घर संपर्क कर स्थानीय मुद्दों की जानकारी जुटाएगी बीजेपी
पंचायत महाअभियान में घर-घर संपर्क को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में शामिल किया गया है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को प्रत्येक घर तक पहुंचने का लक्ष्य दिया है। इसके तहत जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधे बातचीत करेंगे।
इस संपर्क अभियान के दौरान लोगों की समस्याओं, सरकार के प्रति उनकी प्रतिक्रिया और स्थानीय स्तर पर उठ रहे मुद्दों की जानकारी जुटाई जाएगी। पार्टी इस फीडबैक का इस्तेमाल अपनी आगामी चुनावी रणनीति तैयार करने में करेगी। इस तरह पंचायत महाअभियान के जरिए बीजेपी ग्रामीण क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों और मतदाताओं से संवाद बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
