PM Modi Video Message: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंतर-मंतर पर हुई घटनाओं को लेकर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी स्वर्गीय मां को गालियां दी गईं, लेकिन इसके बावजूद वह ऐसे बच्चों को माफ करना चाहते हैं और समाज से भी उन्हें सही दिशा दिखाने की अपील करते हैं।
वीडियो संदेश की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने कहा, “हाई फ्रेंड्स आज तो मन करता है आपसे ही बात करूं. जतंर मंतर पर जो कुछ भी हुआ, उसे देश और दुनिया ने देखा है. कुछ शरारती बच्चों ने मुझे भद्दी-भद्दी गालियां दी. किसी भी सभ्य समाज को शोभा न दे ऐसे शब्दों को प्रयोग किया गया. मुझे तो गाली दी गई मेरी स्वर्गीय माता को भी गाली दी गई. न जाने कितना भद्दा स्वरूप था, लेकिन मैं आज बात करना चाहता हूं कि बचपन में गलतियां होती है और बचपन में गलतियों से सुधरने का अवसर भी होता है.”
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह समाज के आक्रोश को समझते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में दंड के बजाय मार्गदर्शन अधिक जरूरी है। उन्होंने कहा, “इसे लेकर समाज के अंदर जो आक्रोश है उसे मैं भली-भांति समझ सकता हूं. कल्चरल शॉक है कि हमारी बेटियां इस तरह की भाषा कैसे बोल सकती है, लेकिन समय है इन बच्चों को गले लगाकर के राह दिखाने का. ये गुमराह बच्चे हैं. उनको राह दिखाना हमारा काम है. उनको सजा दिलाना, अदालतों के चक्कर कटवाना, समाज में उनको प्रताड़ित करना इससे हम परिस्थितियां नहीं बदल पाएंगे. मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं.”
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने बच्चों की तुलना परिवार के सदस्यों से करते हुए समाज से सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “समाज भी मेरे इस बात को स्वीकार करे क्योंकि मेरे मन में एक ही भाव है. कभी-कभी दांतों तले हमारी जीभ आ जाती है. खून निकल आता है, लेकिन हम दांत तोड़ते नहीं हैं क्योंकि दांत भी हमारे हैं जीभ भी हमारी है. बच्चे भी हमारे हैं. उन्हें राह दिखाना हमारा काम है. गुमराह को राह दिखाना कठिन होता है, लेकिन ये कठिन काम हमें करना है और इसलिए मैं इन बच्चों को कहता हूं बच्चों आओ हम देश के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें. कुछ नया सीखें. गलतियों से भी सीखें. अपने सपनों को लेकर चल पड़ें.”
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने युवाओं से देश के विकास में भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा, “देश बहुत आगे बढ़ रहा है. आगे बढ़ने वाला है ओर आपका भी आगे बढ़ना निश्चित हो यही मेरा सपना है. मैं आपके लिए जीता हूं. आपके उज्वल भविष्य के लिए खपता हूं. आओ हम मिलकर देश को आगे बढ़ाएं. बस आओ गलतियों से सीखो. आगे बढ़े.”
प्रधानमंत्री का यह वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें उन्होंने युवाओं से गलतियों से सीख लेकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया है।
राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
