Teacher Cashless Health Scheme: उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए बड़ी स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना से प्रदेश के विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों तथा उनके आश्रित परिवारों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पंजाब नेशनल बैंक के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) का भी आदान-प्रदान किया गया।
5 लाख रुपये तक मिलेगा कैशलेस इलाज
नई योजना लागू होने के बाद पात्र शिक्षकों और उनके परिवारों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवर मिलेगा। कार्ड जारी होने के पहले दिन से ही लाभार्थी योजना का फायदा उठा सकेंगे।
योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होने, उपचार, दवाइयों और डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च निर्धारित शर्तों के अनुसार कवर किया जाएगा। अब तक चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण शिक्षकों को इलाज का खर्च स्वयं उठाना पड़ता था, लेकिन नई व्यवस्था से उन्हें आर्थिक राहत और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर सरकार का जोर
राज्य सरकार का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए शिक्षकों का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का उद्देश्य शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करना है। सरकार का मानना है कि यह पहल शिक्षक कल्याण और उच्च शिक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाएगी।
MoU के तहत मिलेगा करोड़ों रुपये का बीमा कवर
पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए समझौते के तहत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कई अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा लाभ भी दिए जाएंगे। इनमें ₹1.50 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, ₹3 करोड़ तक का हवाई दुर्घटना बीमा, ₹60 हजार तक का अस्पताल नकद लाभ और ₹12 लाख तक का टर्म लाइफ बीमा शामिल है।
1900 से अधिक उपचार पैकेज होंगे शामिल
योजना के तहत सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में 1900 से अधिक उपचार पैकेजों का लाभ मिलेगा। इनमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी संबंधी बीमारियों, जटिल सर्जरी सहित कई गंभीर रोगों का उपचार शामिल रहेगा।
इस योजना का संचालन साचीज (SACHIS) के माध्यम से किया जाएगा और उपचार के लिए आयुष्मान भारत की निर्धारित दरें लागू होंगी।
राष्ट्रबंधु की नवीनतम अपडेट्स पाने के लिए हमारा Facebook पेज लाइक करें, WhatsApp व YouTube पर हमें सब्सक्राइब करें, और अपने पसंदीदा आर्टिकल्स को शेयर करना न भूलें।
CHECK OUT LATEST SHOPPING DEALS & OFFERS
